
ओवरब्रिज पर तडक़े हुई घटना, पुलिस ने पीडि़त को भिजवाया अस्पताल
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सिंचाई कॉलोनी स्थित दर्री ओवरब्रिज के पास आज सुबह करीब 4 बजे एक दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ। कोरबा की दिशा से तेज गति से आ रही एक मिनी ट्रक ने सामने से आ रहे एक सब्जी लदे पिकअप वाहन (सीजी 04 जेउी 7035) को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस टक्कर के चलते पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना स्थल पूर्व पार्षद गोलू पांडे के निवास के ठीक सामने की बताई जा रही है।
मीडिया रिपोट्र्स में बताया गया कि मिनी ट्रक की रफ्तार काफी अधिक थी और वह माल से भरा हुआ था। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रहे सब्जी पिकअप को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े। सौभाग्यवश इस दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। पिकअप वाहन का चालक दुर्घटना में घायल हुआ है, लेकिन उसे गंभीर चोटें नहीं आईं। मौके पर पहुंची 112 एंबुलेंस सेवा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए कोरबा के 100 बेड अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सडक़ से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने मिनी ट्रक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।