
आगरा : आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के खड़वाई गांव में शाम साढ़े सात बजे बेकाबू कार ने महिलाओं और बच्चों को राैंद दिया। इस हादसे में 15 महिलाएं और 3 बच्चे घायल हो गए। गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई। महिलाएं गांव में पारंपरिक कुआं पूजन के लिए रुनकता-रायभा मार्ग से होकर जा रही थीं। तभी अचानक एक तेज रफ्तार इको वैन ने नियंत्रण खो दिया। वैन सीधे भीड़ में जा घुसी। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।ग्रामीणों ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालात का जायजा लिया और घायलों से बातचीत की। फरार चालक की तलाश जारी है।