तनावपूर्णइंफाल, १० जून ।
मणिपुर में मैतेयी संगठन अरामबाई तेंगोल के नेता और चार अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन जारी है। हालात तनावपूर्ण हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए रातभर मशाल जुलूस निकाला। सीबीआई ने मणिपुर हिंसा से संबंधित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के लिए अरामबाई तेंगोल के नेता कनन सिंह को इंफाल एयरपोर्ट से रविवार को गिरफ्तार किया। अन्य चार सदस्यों के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। गिरफ्तारी के विरोध में इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकीतेल और सिंगजामेई में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़पें हुईं।
पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां चलानी पड़ीं। यैरिपोक तुलिहाल में सब डिविजनल कलेक्टर (एसडीसी) कार्यालय में आग लगा दी गई, जिससे भवन को आंशिक नुकसान हुआ और आधिकारिक रिकार्ड नष्ट हो गए। प्रयदर्शनकारियों ने इंफाल पश्चिम जिले के सेकमाई और कोइरेंगी में सुरक्षा बलों की आवाजाही रोकने के लिए सडक़ों पर मिट्टी के ढेर लगा दिए। सडक़ों के बीच में टायर जलाए। इंफाल पूर्व जिले के वांगखेई, यैरिपोक और खुराई में भी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा बलों से झड़पें हुईं। महिला समूहों ने खुराई में मशाल जुलूस निकाला। पुलिस अधिकारी ने कहा, स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है। प्रदर्शनकारी सडक़ों को अवरुद्ध कर रहे हैं। प्रशासन ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में निषेधाज्ञा लागू की है। शनिवार रात से पांच दिनों के लिए इन क्षेत्रों में इंटरनेट और मोबाइल डाटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की । मणिपुर पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर सोमवार को बताया कि अशेम कनन सिंह राज्य पुलिस में पूर्व हेड कांस्टेबल था। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के कारण उसे तीन मार्च 2025 को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। आइएएनएस के अनुसार, मणिपुर में सेना और अन्य केंद्रीय तथा राज्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में विभिन्न संगठनों के 23 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। आठ जिलों से 40 प्रकार के हथियार, ग्रेनेड, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है।