
अमरोहा। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम अवतार सिंह के बेटे ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय स्वजन घर नहीं थे। घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मृतक के मोबाइल माध्यम से क्लू तलाश कर रही है। मूल रूप से नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव खण्डसाल कलां निवासी राम अवतार सिंह बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। वर्तमान में वह परिवार के साथ नगर की आवास विकास कालोनी में रहते हैं। परिवार में पत्नी किरन देवी, एक बेटा अश्वनी व बेटी अलका हैं। बेटा व बेटी सीए की तैयारी कर रहे हैं। अमरोहा में ही दोनों कोचिंग करते थे। सोमवार को राम अवतार सिंह पत्नी किरन देवी की दवाई लेने मेरठ गए थे। बेटी अलका भी उनके साथ गई थी। घर पर केवल बेटा अश्वनी ही रह गया था। स्वजन की गैरमौजूदगी में अश्वनी ने घर में रखी पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रात लगभग 10:30 बजे राम अवतार सिंह पत्नी व बेटी के साथ घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सबसे पहले बेटी अलका घर में गई तो वहां भाई का खून से लथपथ शव देख कर चीख निकल गई। थोड़ी देर में आसपास के लोग भी आ गए थे। सीओ शक्ति सिंह व प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर भी फोरेंसिक टीम के साथ आ गए। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नही हो सके हैं। हालांकि, घर में लूटपाट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, न ही कोई सुसाइड नोट मिला है। रिवाल्वर शव के पास पड़ा था। हालांकि, बदहवास स्वजन कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं, लिहाजा पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। घर पर लगे सीसीटीवी की फुटेज के लिए डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में ली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पड़ोसियों ने भी गोली चलने की आवाज सुनने से इनकार किया है। सीओ ने बताया कि घटना की प्रत्येक बिंदु को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है।