जांजगीर। विश्व साइकिल दिवस पर आज सुबह 7 बजे तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई। आयोजन का उद्देश्य फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण और सैनिकों को सम्मान देना रहा। रैली की शुरुआत खेलो इंडिया सेंटर, शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय से हुई। कचहरी चौक होते हुए रैली पुन: महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
रैली को नगर पालिका जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े, मोहन यादव, हितेश यादव, अमर सुल्तानिया, प्रवीण द्विवेदी, प्रदीप जोशी, खेल संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए। पूर्व विधायक अम्बेश जांगड़े ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए योग, सैर और सायकलिंग जरूरी है। साइकिल चलाने से बीपी, हाइपरटेंशन और मानसिक तनाव से बचाव होता है। नगर पालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से अपील की कि वे सायकलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इस अवसर पर गोपेश्वर कहरा ने सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। एस एस बघेल ने सहभागीगणों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक यादव ने किया।