
जांजगीर। धाराशिव में पूर्व के दामाद और वर्तमान सरपंच के बेटों व दोस्तों के बीच का विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पुलिस ने मामले में पहले पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पहले पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पूर्व सरपंच चूड़ामणि की बेटी और रोजगार सहायक कविता का विवाह गांव के फौजी जितेश राठौर से हुआ था। जितेश कुछ दिन पहले छुट्टी पर घर लौटे थे। सरपंच और रोजगार सहायक के बीच अनबन चल रही थी। इस बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। जितेश ने बाजार में अभिषेक गोस्वामी को सरपंच के साथ घूमने का ताना दिया। यहीं से विवाद की शुरुआत हुई। पुलिस ने बताया कि 21 जून की दोपहर को बाजार में विवाद होने के बाद, शाम 7:30 बजे अभिषेक गोस्वामी और जितेश राठौर के बीच फोन पर गाली-गलौज हुई। इसके बाद रात 8:30 बजे अभिषेक अपने साथियों के साथ जितेश के ससुराल पहुंचा। वहां दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसे लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया।
डेढ़ घंटे बाद फिर से विवाद भडक़ गया, जिसमें दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले पक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 10 बजे अभिषेक अपने दोस्तों के साथ राधेश्याम राठौर के घर के सामने से गुजर रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ।
दिनेश राठौर तलवार लेकर खड़ा था, और अमन राठौर व राधेश्याम राठौर भी वहीं मौजूद थे। अभिषेक के गले में गंभीर चोट आई। दूसरे पक्ष की रिपोर्ट में कहा गया है कि, रात 10 बजे दिग्विजय सिंह राठौर ने राधेश्याम राठौर को रोका और कहा कि अपने तीनों बेटों को बुलाओ, बात करनी है। राधेश्याम उस समय जितेश को ससुराल छोडक़र लौट रहा था, तभी अभिषेक गोस्वामी अपने साथियों के साथ वहां मिला। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद चंद्रशेखर राठौर तलवार लेकर आया व उसने दिनेश राठौर के सिर पर वार किया। दिनेश के सिर और गोस्वामी के गले में गंभीर चोट आई है।
मारपीट से दोनों का काफी खून बह गया है। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है, लेकिन दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। फौजी के घर रात में सरपंच के दोनों बेटे पहुंचे और विवाद किया, तो फौजी की पत्नी कविता ने इसकी सूचना एसपी को दी। एसपी ने पामगढ़ टीआई को जानकारी दी।
उन्होंने गांव में दरवाजा बंद करने की सूचना के आधार पर 112 की टीम को गांव में भेज दिया। टीम वहां गई और समझाइश देकर लौट आई। इसी के बाद फिर विवाद भडक़ गया और दूसरा पक्ष दिनेश के घर पहुंच गया। अगर मामले की गंभीरता को समझते हुए पामगढ़ थाना प्रभारी वहां बल तैनात कर दिए होते, तो यह घटना टल सकती थी। 4 मामले में 6 पकड़ाए पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ चार अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।
कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिग्विजय सिंह राठौर, चंद्रशेखर, सूरज यादव, देवेंद्र राठौर, राधेश्याम राठौर, अमन राठौर शामिल हैं। दोनों पक्षों से एक-एक आरोपी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराए गए हैं। एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। यह विवाद पुरानी रंजिश की वजह से हुआ।