जांजगीर। जिले में प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए मिनी वर्ग और ओपन शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 21 और 22 जून को होटल हरियाली हेरिटेज, अकलतरा रोड, जांजगीर में होगी। आयोजन जिला शतरंज संघ द्वारा किया जा रहा है। संघ के अध्यक्ष देवेंद्र राठौर, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव और सचिव गिरधर गोपाल ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा। मैच सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। पुरस्कार वितरण समारोह 22 जून को शाम 6 बजे से होगा। प्रतियोगिता में अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं और अंडर-19 से ऊपर आयु वर्ग के खिलाड़ी ओपन कैटेगरी में भाग लेंगे। 21 जून को अंडर-15 और अंडर-19 वर्ग की स्पर्धाएं होंगी। 22 जून को अंडर-17 और ओपन कैटेगरी की प्रतियोगिता होगी। इसमें केवल जांजगीर-चांपा जिले के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। प्रवेश की अंतिम तिथि 18 जून तय की गई है। अंडर-19 तक के खिलाडिय़ों के लिए प्रवेश शुल्क 500 रुपए और ओपन कैटेगरी के लिए 600 रुपए रखा गया है।