नईदिल्ली, २७ अप्रैल ।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। भारत ने सिंधु जल समझौते से खुद को अलग कर लिया है, साथ ही पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा भी रद कर दिया है। ऐसे में भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों के पास आज देश छोडऩे का अंतिम दिन है। दरअसल भारत सरकार ने सीसीएस की बैठक के बाद फैसला किया था कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी अल्पकालिक वीजा 27 अप्रैल से रद माना जाएगा। इन समयसीमा का ध्यान रखते हुए राज्य सरकारें अपने क्षेत्र में मौजूद पाकिस्तानियों को खोज-खोजकर वापस भेज रही हैं। उत्तर प्रदेश की तरफ से स्पष्ट कर दिया गया है कि उनके राज्य में मौजूद लगभग सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेज दिया गया है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया था कि केवल एक पाकिस्तानी नागरिक राज्य में मौजूद है, जो 30 अप्रैल को पाकिस्तान वापस चला जायेगा। वीजा लेकर बिहार पहुंचे 19 पाकिस्तानी नागरिक भी वापस लौट चुके हैं। बिहार सरकार में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इस संबंध में जानकारी दी।
महाराष्ट्र में पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या सबसे ज्यादा है। फडणवीस सरकार में मंत्री योगेश कदम ने कहा, मेरे अनुसार राज्य में करीब 1000 पाकिस्तानी नागरिक अल्पकालिक वीजा और करीब 4000 पाकिस्तानी दीर्घकालिक वीजा पर रह रहे हैं। इन सभी को 27 अप्रैल तक देश छोडऩे को कहा गया है। भारत के कड़े रुख के बाद से अब भारतीय भी पाकिस्तान से वापस स्वदेश लौट रहे हैं। पिछले तीन दिनों में अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते 450 से अधिक भारतीय वापस अपने देश लौटे हैं।