,नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ”पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सूचित करने” संबंधी टिप्पणियों की विपक्षी दल कांग्रेस के आलोचना करने के बाद भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती केंद्र सरकारों की विदेश नीति के पिछले रिकॉर्ड पर हमले तेज कर दिए हैं। आक्रामक राजनीतिक शैली के लिए जाने जानेवाले भाजपा नेता दुबे ने कांग्रेस पर तीखे वार करने के लिए एक बार फिर इतिहास का सहारा लिया है। उन्होंने 1962 में चीन के साथ युद्ध के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू द्वारा अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति को लिखे गए एक अन्य ‘डिक्लासिफाइड’ पत्र को साझा किया।

पत्र को अमेरिका ने पाकिस्तान को साझा किया था

यह पत्र 16 नवंबर, 1962 को लिखा गया था, जिसे दुबे के अनुसार, बाद में अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ साझा किया। वह इसे कांग्रेस नेतृत्व की अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के प्रति कमजोर दृष्टिकोण के सुबूत के रूप में पेश कर रहे हैं। भाजपा नेता दुबे ने अपने पोस्ट में व्यंग्य करते हुए कहा, ”महान नेहरू जी की उत्कृष्ट विदेश नीति को ध्यान से पढ़ें। इसमें सब कुछ लिखा गया था। नेहरु ने पत्र में लिखा था कि पाकिस्तान एक भाई, एक मित्र, एक अच्छा पड़ोसी है, हम उनके साथ एक समझौता करेंगे।”