
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पुणे के मावल तहसील के कुंडमाला गांव के पास में आज दोपहर इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। इस हादसे के दौरान मौके पर मौजूद 25 से 30 लोगों के बह जाने की आशंका है। वहीं 6 लोगों के मौत की खबर सामने आ रही है। हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। पानी के तेज बहाव में बहे लोगों की तलाश की जा रही है।
पुणे में इंद्रायणी नदी में पुल के ढहने को लेकर विधायक सुनील शेलके ने अब तक 6 लोगों के मौत की पुष्टि की है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। वहीं 6 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब कई लोग नदी के तेज बहाव को देखने के लिए पुल पर खड़े थे। इसी दौरान एकाएक पुल ढह गया और उस पर खड़े लोग पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गये।बताया जा रहा है कि पुणे से कुंडमाला की दूरी 30 किमी है। यहां वीकेंड पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। आज रविवार होने के कारण काफी संख्या में यहां लोग आये हुए थे। हादसे के बाद बताया जा रहा है कि पुल पहले से ही बहुत ही जर्जर स्थिति में था। हादसे के समय पुल पर क्षमता से अधिक पर्यटक मौजूद थे।