
नई दिल्ली। कई राज्यों को भिगोते हुए मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होकर उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश से होते हुए तय समय से 10 दिन पहले रविवार को पंजाब पहुंच गया। लद्दाख के सभी क्षेत्रों के साथ जम्मू-कश्मीर में भी मानसून सक्रिय हो गया है। ऐसी स्थिति रही तो अगले दो दिनों में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में मानसून पहुंच सकता है।
साल-दर-साल मानसून आने का समय
यदि 24 जून को दिल्ली में मानसून पहुंचता है तो यह 2013 के बाद से सबसे पहले आने वाला मानसून होगा। वर्ष 2013 में 16 जून को मानसून आया था। 2024 में 28 जून को, 2022 में 30 जून को और 2021 में 13 जुलाई को पहुंचा था।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण तथा गोवा में 26 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मध्य प्रदेश में 23 और 24 जून को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की उम्मीद है, जिसके बाद हल्की बारिश का दौर शुरू होगा। रविवार को पंजाब में लुधियाना, अमृतसर, रूपनगर और पठानकोट में भारी वर्षा हुई। होशियारपुर, फिरोजपुर और पटियाला में भी वर्षा हुई।