मुजफ्फ़रपुर, 06 अप्रैल ।
इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक और चंद्रयान टू व थ्री के ऑपरेशन डायरेक्टर अमिताभ कुमार ने कहा कि भारतीय को स्वदेशी अंतरिक्ष यान में बैठाकर चंद्रमा की सतह पर उतारने के लिए सरकार ने 2040 तक का समय निर्धारित किया है। इस अभियान में कई शृंखलाएं जुड़ी हैं। अभी इसरो ने वहां जाने व सतह पर उतरने का प्रयोग किया है। वहां से वापस आने पर प्रयोग होना बाकी है। चंद्रमा की सतह पर उतरकर व्यक्ति वहां से मिट्टी के नमूने प्राप्त कर अपने साथ भारत लाएगा। यह चंद्रयान फोर प्रोजेक्ट है। इसे सैंपल रिटर्निंग मिशन का नाम दिया गया है।
इसरो ने इसके लिए डाकिंग व अनडाकिंग पर चार महीने में कार्य किया है। इस वर्ष की यह इसरो की उपलब्धि है। वह शनिवार को डान बास्को चिल्ड्रन पॉइंट में कार्यक्रम में पहुंचे थे। कहा कि डाकिंग एक्सपेरिमेंट को अभी इसरो ने पृथ्वी की कक्षा में पूरा किया है।