
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को भविष्यवाणी की कि अगले 4-5 दिनों में उत्तर भारत में तापमान बढ़ेगा और उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
दिल्ली में पड़ेगी भीषण गर्मी
दिल्ली- एनसीआर में धूल भरी हवा चलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान साफ रहेगा। 20 से 30 किलोमीटर की गति से धूल भरी हवा चल सकती है और तेज धूप होगी। सोमवार व मंगलवार को भी धूल भरी हवा चलने की संभावना है। साथ ही मंगलवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। आया नगर का तापमान सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस और पालम का तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।