लखनऊ 14 मई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले के जनाजे में भी कोई रोने वाला नहीं होगा। पिछले कई दशक से पाकिस्तान सिर्फ आतंकवाद का बीज बोने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आएगा कि पाकिस्तान को ही आतंकवाद निगल चुका होगा, आज पाकिस्तान पूरी तरह से खोखला हो चुका है। दुनिया ने देखा, पाकिस्तान के मंत्री व सैन्य अधिकारी कैसे आतंकवादियों के जनाजे में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी अपने सरकारी आवास पर बुधवार को आयोजित भारत शौर्य तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा 22 अप्रैल 2025 को हुई पहलगाम घटना के सारे प्रमाण देने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए सौ से अधिक आतंकवादियों को भारत की तीनों सेनाओं ने अपने पराक्रम का लोहा मनवाते हुए आतंकी शिविरों को नेस्तनाबूद करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा भारत के शौर्य व पराक्रम का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व मंत्रियों ने झंडा दिखाकर 1090 के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र संकट के समय हमारा धैर्य और एकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि पंजाब के आदमपुर एयर बेस पर जाकर सैनिकों का हौसला बढ़ाने का काम जो किया है, वह तीनों सेनाओं का मनोबल बढ़ाने वाला है। ऑपरेशन सिंदूर के उपलक्ष्य में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठन, भूतपूर्व सैनिक भी शामिल रहे। वहीं, सेंचुरिएन डिफेंस अकादमी के छात्रों ने दो हजार फीट लंबा राष्ट्रध्वज के जरिए यात्रा निकाली। यह राष्ट्रीय ध्वज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।