
वाशिंगटन, १६ मार्च ।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि उनका देश दक्षिण अफ्रीका के राजदूत इब्राहिम रसूल को निकाल रहा है। उन्होंने राजदूत को सामुदायिक भेदभाव करने वाला राजनीतिज्ञ बताया, जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से नफरत करते हैं। जब से ट्रंप ने दक्षिण अफ्रीका को दी जाने वाली अमेरिकी वित्तीय सहायता में कटौती की है, तब से दोनों देशों के संबंध खराब हो गए हैं। रूबियो ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दक्षिण अफ्रीका के राजदूत का अब हमारे महान देश में स्वागत नहीं है। इब्राहिम रसूल एक सामुदायिक भेदभाव करने वाले राजनीतिज्ञ हैं, जो अमेरिका और ट्रंप से नफरत करते हैं। दक्षिण अफ्रीका ने इस कदम को खेदजनक बताया, लेकिन कहा कि वह अमेरिका के साथ पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वह राजनयिक चैनलों के माध्यम से इस मामले का समाधान करेगा। एपी के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग ने कम-से-कम 40 उइगर पुरुषों को चीन निर्वासित करने में भूमिका निभाने के लिए थाईलैंड के कुछ अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया। इस प्रतिबंध के चलते इन अधिकारियों को अमेरिका में प्रवेश देने से इन्कार किया जा सकता है। अमेरिका को चिंता है कि चीन में इन उइगरों को जेल में डाला जा सकता है या यहां तक कि मौत की सजा हो सकती है। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि वह निर्वासन के लिए जिम्मेदार या इसमें शामिल वर्तमान और पूर्व अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध लगाने के लिए तुरंत कदम उठा रहे हैं। ट्रंप प्रशासन अमेरिका में कर्मचारियों की छंटनी का नया दौर शुरू करने की तैयारी में है।
ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को दो संघीय अदालतों द्वारा हजारों कर्मचारियों की बहाली का आदेश दिए जाने के बावजूद बड़े पैमाने पर बर्खास्तगी और बजट कटौती का नया दौर शुरू करने की अपनी योजना से हटने का कोई संकेत नहीं दिया। हालांकि, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्वीकार किया कि कर्मचारियों की छंटनी के दौरान गलतियां हुई थीं।
—————–