लंदन। भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने भारत पर एंटीगुआ में अपने अपहरण की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि धोखाधड़ी के आरोपों के सिलसिले में भारत सरकार उसे स्वदेश लाना चाहती है।
उसके वकीलों ने सोमवार को लंदन हाई कोर्ट को बताया कि उसका अपहरण करने के लिए केवल भारत के पास इच्छा और संसाधन है। चोकसी को अप्रैल में बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था।

भारत में वांछित है चोकसी

देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर वह भारत में वांछित है। पंजाब नेशनल बैंक से 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में सीबीआइ और ईडी उसे तलाश रही है।

वह दो जनवरी, 2018 को भारत से भाग गया था। इसके बाद से भारत सरकार उसका प्रत्यर्पण कराने के प्रयासों में लगी हुई है। इसी मामले में उसका भांजा नीरव मोदी भी आरोपों का सामना कर रहा है।

चोकसी का आरोप

नीरव मोदी 2019 से ब्रिटेन की हिरासत में है। दोनों ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है। चोकसी ने लंदन में अलग से भारत सरकार पर मुकदमा कर रखा है। उसने तर्क दिया है कि 2021 में एंटीगुआ में उसके अपहरण के लिए भारत जिम्मेदार था।