
फतेहगढ़ साहिब। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर दोनों किसान मोर्चें हटाने के विरोध में पंजाब भर में किसान महापंचायतें की जा रही हैं। इसी के तहत फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद अनाज मंडी में महापंचायत हुई। इसमें भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल (Jagjeet Singh Dallewal) भी पहुंचे।महापंचायत से पहले डल्लेवाल गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचे। उसके बाद वह अनाज मंडी सरहिंद में पहुंचे जहां पर उन्होंने अपनी 126 दिनों की भूख हड़ताल खत्म करने का एलान किया। डल्लेवाल ने पिछले साल 26 नवंबर को आंदोलनकारी किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर अनशन शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कानूनी गारंटी देने की मांग की थी।
ज्ञात हो कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उनसे आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की थी। डल्लेवाल ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में आयोजित किसान महापंचायत में यह घोषणा की।
सरकार ने धोखा किया
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि एक तरफ सरकार हमें मीटिंग के लिए बुला रही है और दूसरी तरफ रात को हमारे मोर्चे पर जबरदस्ती एक्शन कर रही है। सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। सरकार के जुल्म के विरोध में महापंचायत हो रही हैं। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। डल्लेवाल संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) के संयुक्त मंच के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने किसानों की मांगों को स्वीकार करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने के लिए पिछले साल 26 नवंबर को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। जनवरी में केंद्र द्वारा किसान नेताओं को बातचीत के लिए आमंत्रित करने के बाद डल्लेवाल ने खनौरी विरोध स्थल पर चिकित्सा सहायता लेना शुरू कर दिया, लेकिन अपना अनशन समाप्त नहीं किया।