
चांपा। विश्व तंबाखू निषेध दिवस पर नगर की मॉर्निंग वॉक योग समिति ने जागरूकता अभियान चलाया। गौरव पथ चौक स्थित पान ठेले के सामने सिगरेट और गुटखा जलाकर तंबाखू के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध किया गया। समिति के सदस्यों ने लोगों को तंबाखूजनित उत्पादों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने राहगीरों और चाय दुकानों पर बैठे लोगों से संवाद किया। सिगरेट, गुटखा, खैनी, बीड़ी जैसे नशीले उत्पादों से दूर रहने की अपील की।
बताया गया कि तंबाखू से कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारी जैसी गंभीर समस्याएं होती हैं। यह पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। कार्यक्रम में राम खूबवानी, महेंद्र तिवारी, हरदेव देवांगन, रोहित देवांगन, पुरुषोत्तम सोनी, तालेश्वर सोनी, कृष्णा देवांगन, दिलीप देवांगन, महेंद्र देवांगन, प्रमोद कुर्रे, दया यादव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने तंबाखू मुक्त समाज की कल्पना को साकार करने के लिए ऐसे अभियान को जरूरी बताया। राम खूबवानी ने कहा कि युवा पीढ़ी तेजी से तंबाखू की ओर बढ़ रही है, जिससे भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो सकता है। महेंद्र तिवारी ने कहा कि युवाओं को खेल, योग और पढ़ाई की ओर प्रेरित करना जरूरी है। अंत में सभी ने तंबाखू से दूर रहने का संकल्प लिया। समिति ने बताया कि आगे स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर नशा मुक्ति कार्यक्रम चलाए जाएंगे।