जांजगीर। भगवान परशुराम ब्राह्मण विकास समिति द्वारा समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक चेतना को जागृत करने के िलए जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन 22 जून, रविवार को देव मातृसागर सेकेंडरी स्कूल, नवागढ़ में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, समाजसेवियों और विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित कर नई पीढ़ी में प्रेरणा जगाना है।
इस आयोजन में समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, शैक्षणिक उपलब्धियों वाले युवाओं, सेवाभावी व्यक्तियों और सांस्कृतिक रूप से योगदान देने वाले समाजजनों को मंच से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रजनीश पांडेय करेंगे और मुख्य अतिथि होंगे पं. राजेंद्र शर्मा, जो समाजसेवा व संगठन निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर चुके हैं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. आकृति शुभम शुक्ला, सुबोध शुक्ला, शैल त्रिवेदी, देव प्रसाद तिवारी, मनोज पांडेय, योगेश शर्मा, राजकुमार शर्मा, सम्पूर्णानंद मिश्रा, दिलीप पांडेय, अंजनी तिवारी, घनश्याम तिवारी व चंद्रकांत तिवारी सम्मिलित होंगे।
सार्वजनिक मंच पर सम्मान इस कार्यक्रम में उन विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं या सांस्कृतिक एवं साहित्यिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। साथ ही वरिष्ठ समाजसेवियों को उनके समर्पित योगदान हेतु सार्वजनिक मंच से सम्मानित कर युवा पीढ़ी को उनके पदचिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा।