
बागेश्वर । कपकोट में 53 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है। जिससे जन जीवन प्रभावित होने लगा है। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग किमी छह में गांसू के पास बोल्डर तथा मलबा आने से बंद हो गया है। कपकोट-पिंडारी मोटर मार्ग हरसिला के समीप बंद रहा। जबकि बागेश्वर नगर में मंडलसेरा में लोगों के घरों में पानी भर गया है। मलबा रास्तों में बिछने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई है। इसके अलावा बिजली, पानी तथा संचार सेवाएं भी पटरी से उतरने लगीं हैं।
रविवार को सुबह तीन बजे आकाशीय बिजली कड़की। जिससे लोगों के घर हिल गए। लोग तब नींद थे। वह एकाएक जागे तथा भयभीत हो उठे। झमाझम वर्षा होने लगी। लगभग छह बजे तक वर्षा हुई। उसके बाद बाछल तथा हल्का कोहरा छा गया।
बागेश्वर में तीन घंटे के भीतर 16 मिमी तथा गरुड़ में सिर्फ दो मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। सबसे अधिक वर्षा 53.20 मिमी कपकोट में हुई। जिसके कारण सड़कों पर मलबा भर गया। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया। रविवार को सरयू 865.50, गोमती 862.10 तथा बैजनाथ झील 1112.20 मिमी पर बनी हुई है। हिमालयी गांवों में हुई वर्षा के बाद बिजली, पानी तथा संचार सेवाएं प्रभावित हो गईं हैं।