मुंबई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को राजनीतिक मोड़ देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर अप्रत्यक्ष तंज कसा। कहा- 2022 की बगावत ”बड़ा योग” थी। उसने महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा बदल दी। यह योग राज्य में राजनीतिक स्थिरता और विकास लाया।

शिंदे गुट की बगावत के चलते गिर गई थी उद्धव ठाकरे की सरकार

शिंदे ने उस दिन को याद किया जब उनका गुट उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अलग हुआ था। बता दें कि इस राजनीतिक उठापटक से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार गिर गई थी। तब से शिवसेना के दोनों गुट एक-दूसरे पर वार करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते। शिंदे ने कहा-’21 तारीख को ही हमने बड़ा योग किया था (शिवसेना का दो गुटों में विभाजन हुआ), वह मैराथन योग था।’ वह योग मुंबई में शुरू हुआ और इसी कारण 21 जून को महाराष्ट्र में बहुत बदलाव आया है। अब हम यहां विकास देख रहे हैं। हमारी सरकार लोगों के लिए काम कर रही है। देवेंद्र फडणवीस और मैं पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में इस दिशा में काम कर रहे हैं।”