
कोरिया बैकुंठपुर। गत दिवस जिले में आए तेज अधड़ और बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कोरिया जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने घरों को नुकसान पहुंचाया है। अनेक घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बैकुंठपुर जनपद के अंतर्गत आने वाले गांवों में सबसे अधिक नुकसान की खबरें आई हैं। तेज हवाओं के चलते पेड़ उखड़ गए और कच्चे-पक्के मकानों को क्षति पहुँची। कई गरीब परिवारों के आशियाने उजड़ गए। इन हालातों की जानकारी मिलते ही कोरिया जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। श्रीमती राजवाड़े ने ग्रामवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें शीघ्र ही राहत पहुंचाई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द सर्वे करवा कर नुकसान का आकलन किया जाए और पीडि़तों को मुआवजा राशि शीघ्र प्रदान की जाए। उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े ने प्रशासनिक अमले को स्पष्ट रूप से कहा कि आपदा के इस समय में पीडि़तों के साथ संवेदनशीलता से पेश आना होगा। उन्हें अस्थायी आवास, आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से भी आग्रह किया कि वे आगे आकर पीडि़तों की मदद करें। ग्रामवासियों ने उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता मिलना उनके लिए बड़ी राहत की बात है। कई महिलाओं ने बताया कि शाम के समय आई तेज हवाओं के बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। निश्चित तौर पर जिला पंचायत कोरिया के उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े के द्वारा उठाया गया कदम सराहनीय है।