पिथौरागढ़। सीमांत की धारचूला और मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को दिन में एक बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज अंधड़ के साथ भारी वर्षा हुई । भारी वर्षा से तवाघाट -लिपुलेख मार्ग पर तवाघाट से लगभग चार किमी दूर मलघाट नामक स्थान पर दो जगहों पर भारी मलबा आ गया है।

पहाड़ की तरफ से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। धारचूला से आदि कैलास जाने वाले यात्री तवाघाट में फंसे है तो आदि कैलास दर्शन कर वापस लौट रहे यात्री पांगला से आगे फंसे हैं। क्षेत्र में अभी भी वर्षा जारी है। सड़क संचालक बीआरओ का कहना है कि मौसम के शांत होने के बाद और पहाड़ की तरफ से पत्थरों का गिरना बंद होने के बाद ही मार्ग खोलने की कार्यवाही होगी। धारचूला से आदि कैलास दर्शन के लिए जाने वाले अधिकांश यात्री मौसम के खराब होने से पूर्व मलघाट से आगे बढ़ चुके थे। दोपहर 12 बजे के बाद धारचूला से रवाना होने वाले यात्री फंसे हैं। वहीं आदि कैलास से लौट रहे सभी यात्री फंसे हैं। मुनस्यारी में भी तेज अंधड़ के साथ वर्षा से कुछ मकानों की छतें उड़ चुकी हैं। जिले के अन्य क्षेत्रों में धूप खिली है।