कलेक्टर ने निगम अधिकारियों के साथ यहां पहुंचकर लिया जायजा
कोरबा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नया बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय को कई वर्षों के बाद व्यवस्थित करने के लिए नगर पालिक निगम जतन कर रहा है। सभी हिस्सों में आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसों की सेवाओं और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को ठीक करने का काम जल्द होगा। कलेक्टर अजीत वसंत ने आज सुबह नगर निगम अधिकारियों के साथ यहां पहुंचकर जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
पूर्ववर्ती मध्यप्रदेश के दौरान विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कोरबा के कार्यशील होने पर तत्कालीन साडा अध्यक्ष बनवारीलाल अग्रवाल के कार्यकाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड और प्रतीक्षालय का निर्माण वृहद क्षेत्र में कराया गया। उस समय संभाग में यह बस स्टैंड सबसे बड़े दर्जे का था। राज्य परिवहन निगम मध्यप्रदेश के भंग होने के बाद सेवाओं में बदलाव हुआ और बाद में यह परिसर बदहाल सा हो गया। बार-बार यात्रियों के साथ-साथ परिवहन कर्मचारी संघ के द्वारा इस दिशा में प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। हाल मेें ही इस तरफ ध्यान दिया गया और बस स्टैंड व प्रतीक्षालय की हालत को सही सलामत करने के लिए कामकाज शुरू कराया गया। वर्तमान में ये कार्य प्रगति पर हैं। कलेक्टर अजीत वसंत ने निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, कार्यपालन अभियंता अरूण शर्मा और ट्रांसपोर्ट नगर जोन प्रभारी अखिलेश शुक्ला व अन्य अभियंताओं के साथ यहां पर उपस्थिति दर्ज कराई। अधिकारियों ने कार्यों का अवलोकन किया। अब तक के कार्यों पर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि जो समय सीमा निर्धारित की गई है उसमें इन्हें पूरा करें।
बेजा कब्जा से परेशानी इसे हटाने की जरूरत
परिवहन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि ब्रजेश त्रिपाठी और अन्य ने इस दौरान अधिकारियों का ध्यान आकर्षण बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ लोगों के द्वारा किए गए बेजा कब्जा की तरफ कराया। बताया गया कि ऐसा होने से स्थान संकुचित हो गया है और कई प्रकार की परेशानियां निर्मित हो रही है। प्रशासन ने इसे काफी गंभीरता से लिया और कहा कि मौके से अवैध कब्जा हटाया जाए। साथ ही यहां पर नंबरिंग सिस्टम भी लागू किया जाए। ऐसा होने से विवाद की स्थिति नहीं होगी।
कलेक्टर ने बस स्टैंड का निरीक्षण करने के दौरान कई पहलुओं पर ध्यान दिया। उन्होंने यहां-वहां से गंदे पानी की निकासी होने पर कहा कि इस तरह की तस्वीरें भविष्य में नहीं दिखाई देनी चाहिए। स्वच्छता का अभियान हर तरफ चल रहा है इसलिए यहां भी स्वच्छता होना चाहिए। चूंकि प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों का आना-जाना इस स्थान से होता है इसलिए लोगों को अच्छा वातावरण प्राप्त हो, यह हमारी प्राथमिकता हो। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर इस इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए जायजा लें और पूछताछ भी करें कि कहीं कोई समस्या है तो नहीं। अलग-अलग स्तर पर मिलने वाली जानकारी में बहुत सारी चीजों को सही नतीजे तक पहुंचा सकती है।