वेटिकन सिटी। दोनों फेफड़ों में निमोनिया से जूझ रहे 88 वर्षीय पोप फ्रांसिस की हालत बेहद गंभीर है। वेटिकन ने कहा कि शुक्रवार को पोप को सांस लेने में अत्यधिक समस्या हुई। पोप को 14 फरवरी को रोम के जेमेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनके दोनों फेफड़ों में निमोनिया का पता चला था।
वेटिकन ने पोप के स्वास्थ्य के बारे में अपडेट देते हुए कहा, शुक्रवार दोपहर पोप को सांस लेने में अधिक परेशानी महसूस हुई। उनकी सेहत काफी बिगड़ गई। उन्हें नॉन-इनवेसिव वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया, हालांकि पोप होश में हैं। नॉन-इनवेसिव वेंटिलेशन सपोर्ट उन लोगों को दिया जाता है जिन्हें केवल कुछ समय के लिए वेंटिलेटर की आवश्यकता होती है।